सरस्वती विद्या मंदिर में तीन दिवसीय स्काउट प्रशिक्षण एवं जांच शिविर का भव्य समापन
आगरा। सरस्वती विद्या मंदिर, कमला नगर, आगरा में 2 नवंबर से 4 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय स्काउट प्रथम एवं द्वितीय सोपान प्रशिक्षण एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का समापन समारोह उत्साह, अनुशासन एवं सेवाभाव के वातावरण में संपन्न हुआ। इस शिविर में विद्यालय के लगभग 100 स्काउट विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों को स्काउटिंग के मूल सिद्धांतों एवं व्यावहारिक गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसमें स्काउट नियम, विभिन्न प्रकार की रस्सियों की गांठें लगाना, कंपास की सहायता से दिशा ज्ञात करना, टेंट पिचिंग, नॉन-फायर कुकिंग (फूड प्लाजा) तथा अनुशासन, सहयोग और सेवाभाव जैसे महत्वपूर्ण गुणों का प्रशिक्षण दिया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा, कौशल एवं टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
शिविर के प्रशिक्षक विशाल (डीटीसी रोवर) एवं अभिषेक (यूनिट लीडर) ने विद्यार्थियों को कुशलतापूर्वक प्रशिक्षण प्रदान किया तथा स्काउटिंग के महत्व से अवगत कराया।
समापन समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित चतुर्वेदी एवं अरविंद मिश्रा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहयोग एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। इस अवसर पर विद्यालय के स्काउट मास्टर शिवकांत लवानिया, सुजीत मालोनिया, राहुल चौधरी एवं विनय त्रिपाठी उपस्थित रहे। साथ ही सुनील चौधरी एवं ज्ञानेंद्र तिवारी ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। तीन दिनों तक चले इस प्रशिक्षण शिविर ने विद्यार्थियों को न केवल व्यावहारिक जीवनोपयोगी कौशल सिखाए, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व, अनुशासन एवं समाज के प्रति सेवा और समर्पण की भावना को भी मजबूत किया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।

0 टिप्पणियाँ