आकाश कोचिंग सेंटर की लापरवाही बनी हादसे की वजह, आग लगने से मची अफरा-तफरी
कोचिंग सेंटर में सुरक्षा मानकों की अनदेखी, आग लगने से हड़कंप
लखनऊ के बाद आगरा के कोचिंग सेंटर में लगी आग
आगरा के भगवान टॉकीज चौराहा क्षेत्र स्थित कोचिंग सेंटर में धुएं से मचा हड़कंप, इलेक्ट्रिक बोर्ड में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, समय रहते टला बड़ा हादसा
आगरा। न्यू आगरा थाना क्षेत्र में भगवान टॉकीज क्षेत्र स्थित तुलसी टॉकीज के निकट आकाश कोचिंग सेंटर में मंगलवार को इलेक्ट्रिक एमसीवी बोर्ड में शॉर्ट सर्किट से आग लगने के बाद अफरा-तफरी मच गई। बेसमेंट से धुआं उठता देख कोचिंग प्रबंधन ने तत्काल सभी कक्षाएं खाली कराकर छात्र-छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बेसमेंट में लगे इलेक्ट्रिक बोर्ड में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। कुछ ही देर में धुआं पूरे क्षेत्र में फैलने लगा। धुआं निकलता देख कोचिंग सेंटर में मौजूद शिक्षकों और कर्मचारियों ने तत्काल सभी कक्षाओं को खाली कराया और पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाल दिया।
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। कोचिंग प्रबंधन ने तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कर दी, जिससे आग को फैलने से रोक लिया गया। इसके बाद सेंटर में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की सहायता से आग पर काबू पा लिया गया।
घटना की सूचना पर फायर सर्विस की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं। न्यू आगरा थाना पुलिस तथा अन्य पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान राहत की बात यह रही कि आग पूरी तरह नियंत्रित हो चुकी थी और किसी भी छात्र, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई।
आग लगने की खबर मिलते ही कक्षाओं में बैठे छात्र-छात्राओं में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई और सभी सुरक्षित बाहर निकल आए। समय पर किए गए बचाव कार्य के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।
गौरतलब है कि हाल ही में लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड में 15 युवाओं की मौत के बाद पूरे प्रदेश में अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। ऐसे माहौल में आगरा में हुई यह घटना भी सुरक्षा व्यवस्थाओं की गंभीरता की याद दिलाती है।




.jpeg)



0 टिप्पणियाँ