बारहखंबा से डबल फाटक तक व्यवस्था संभालने में जुटी ट्रैफिक पुलिस, बैरियरों पर बांधा मजबूत रस्सा
आगरा। खेरिया मोड़ से ईदगाह तक जाने वाले पुल को 90 दिनों के लिए बंद किए जाने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था पर भारी दबाव बढ़ गया है। पुल बंद होने के कारण वाहनों को बारहखंबा फाटक से डबल फाटक होते हुए डाइवर्ट कर निकाला जा रहा है। वहीं, त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में उमड़ी भीड़ और बार-बार बंद होने वाले रेलवे फाटकों के कारण इस मार्ग पर वाहनों का दबाव और अधिक गहरा गया है। आमजन को जाम और असुविधा से बचाने के लिए यातायात पुलिस लगातार कड़े प्रयास कर रही है। बारहखंबा फाटक से डबल फाटक तक लगाए गए बैरियरों पर इस बार बेहद मजबूत रस्सा बांधा गया है, ताकि वाहन चालक निर्धारित व्यवस्था का पालन करें और यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके। इससे पहले भी बैरियरों पर रस्सियां बांधी गई थीं, लेकिन कुछ अराजक तत्वों द्वारा उन्हें तोड़ दिया गया था, जिसके बाद अब दोबारा बेहद मजबूत रस्से लगाए गए हैं।
यातायात पुलिस के सामने इस समय सबसे बड़ी चुनौती बार-बार बंद होने वाला रेलवे फाटक है, जिसके कारण कुछ ही मिनटों में वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। ऐसे में यातायात पुलिसकर्मी लगातार मौके पर मुस्तैद रहकर वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकलवाने में जुटे हैं।
डीसीपी ट्रैफिक एवं एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक अलका सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस की टीम इस चुनौती को स्वीकार करते हुए दिन-रात ग्राउंड पर पसीना बहा रही है, ताकि त्योहारों के इस सीजन में आम जनता, राहगीरों और वाहन चालकों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े। वहीं यातायात व्यवस्था सुधारने में ट्रैफिक पुलिस के साथ क्षेत्रीय निवासी कन्हैया राय, बाजार कमेटी के अध्यक्ष राजेश यादव और मनोज नोतनानी भी सहयोग कर रहे हैं।



0 टिप्पणियाँ