दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में 'वन नेशन, वन इलेक्शन' पर युवा संसद आयोजित
मेरा युवा भारत, खेल मंत्रालय और राष्ट्रीय सेवा योजना के सहयोग से हुआ आयोजन, कनक चौहान रहीं प्रथम
आगरा। दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (डीईआई), आगरा में सोमवार को मेरा युवा भारत, आगरा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में युवा संसद कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय 'वन नेशन, वन इलेक्शन' (एक देश, एक चुनाव) रहा, जिसमें छात्र-छात्राओं और युवाओं ने चुनावी व्यवस्था, लोकतांत्रिक सहभागिता और प्रशासनिक प्रक्रियाओं पर अपने विचार प्रभावी एवं तर्कपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किए। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, विचार अभिव्यक्ति और संसदीय कार्यप्रणाली की समझ विकसित करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा संकाय के डीन प्रो. एन.पी.एस. चंदेल रहे। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता और प्रभावी ढंग से विचार रखने की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। युवाओं को देश और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी प्राप्त कर अपनी सकारात्मक व रचनात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला युवा अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार सहगल ने कहा कि युवा देश की महत्वपूर्ण शक्ति हैं और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी सहभागिता अत्यंत जरूरी है। युवा संसद युवाओं को तर्क और संवाद के माध्यम से अपने विचार व्यक्त करने का शानदार मंच देती है। इस भाषण प्रतियोगिता में निर्णायकों द्वारा प्रतिभागियों के विषय ज्ञान, विचार अभिव्यक्ति, तर्क और आत्मविश्वास के आधार पर परिणाम घोषित किए गए। प्रतियोगिता में कनक चौहान ने प्रथम, खुशबू मिश्रा ने द्वितीय, अतिशय जैन ने तृतीय, सोनी चौधरी ने चतुर्थ तथा अर्शिया हाशमी ने पांचवां स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
*इन्होंने निभाई मुख्य भूमिका:*
1- निर्णायक मंडल: राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक डॉ. सनिल कुमार, अखिलेश तिवारी, ज्योतिषाचार्य डॉ. हिमालय, एस.एन. मेडिकल कॉलेज के सहायक प्रोफेसर डॉ. शैलेन्द्र सिंह चौधरी (विभागाध्यक्ष, एस.एन. मेडिकल कॉलेज) तथा डॉ. अपेक्षा जैन।
2- मंच संचालन: सिमरित कौर एवं तनुजा।
3- मार्गदर्शन एवं विशेष सहयोग: डॉ. ललित मोहन, डॉ. निकिता एवं डॉ. मोनिका तिवारी।
4- आयोजन सहयोगी: मेरा युवा भारत एन.वाई.वी. के अमन, कुलदीप, दीक्षा, अर्जुन, नितेश कुमारी, रवि, अर्चना, ब्रजमोहन, अंकित एवं आशा रानी सहित अन्य सहयोगी। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, निर्णायक मंडल, प्रतिभागी छात्र-छात्राओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।

0 टिप्पणियाँ