आगरा के तीन खिलाड़ी थिम्फू ओपन एशियन कराटे चैंपियनशिप में दिखाएंगे दम
राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर हासिल किया अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का टिकट
आगरा। ताज नगरी आगरा के लिए गर्व की बात है कि शहर के तीन युवा कराटे खिलाड़ी हर्ष कल्याण, महक और संध्या गुनकर आगामी थिम्फू ओपन एशियन कराटे चैंपियनशिप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 10 और 11 अक्टूबर 2026 को भूटान की राजधानी थिम्फू में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में जापान, नेपाल, बांग्लादेश, भारत, पाकिस्तान सहित एशिया के विभिन्न देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता के निर्धारित नियमों के अनुसार एक वजन वर्ग में एक देश से अधिकतम दो खिलाड़ी ही प्रतिभाग कर सकते हैं। ऐसे में इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन होना खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आगरा के इन तीनों खिलाड़ियों ने हाल ही में आयोजित राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया था। राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के आधार पर तीनों खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए पात्र हुए हैं। खास बात यह है कि हर्ष कल्याण, महक और संध्या गुंकार आगरा के सम्राट अशोक हेल्पिंग फिजिकल ट्रेनिंग सेंटर में निशुल्क प्रशिक्षण लेते हैं। यह प्रशिक्षण केंद्र मास्टर जितेंद्र कल्याण के निर्देशन में पिछले करीब चार वर्षों से लगातार निःशुल्क संचालित किया जा रहा है। केंद्र का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों और युवाओं को खेल तथा शारीरिक प्रशिक्षण के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। केंद्र में युवाओं को पुलिस, सेना एवं अन्य सशस्त्र बलों की शारीरिक परीक्षा की तैयारी कराने के साथ-साथ कराटे, ताइक्वांडो, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण भी दिया जाता है। सम्राट अशोक हेल्पिंग फिजिकल ट्रेनिंग सेंटर से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले तीन खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप के लिए चयन होना संस्था के लिए भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। संस्था से जुड़े लोगों ने उम्मीद जताई कि तीनों खिलाड़ी थिम्फू में शानदार प्रदर्शन कर देश, प्रदेश और आगरा का नाम रोशन करेंगे।
निशुल्क प्रशिक्षण से अंतर्राष्ट्रीय मंच तक का यह सफर इस बात का उदाहरण है कि उचित मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और अवसर मिलने पर प्रतिभाशाली युवा आर्थिक चुनौतियों के बावजूद खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकते हैं। संरक्षक वरिष्ट समाजसेवी मुकेश कल्याण, संरक्षक अचल सिंह चंद्रवाकर, अध्यक्ष, मुख्य प्रशिक्षक मास्टर जितेन्द्र कल्याण, वरिष्ट उपाध्यक्ष इंजीनियर लोकेश कुमार, उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र कल्याण, मनीष विजल, राजकुमार, निशांत कुमार, स्केटिंग कोच विवेक कल्याण एवं सभी खिलाड़ियों ने हर्ष कल्याण, महक, संध्या गुनकर को आगरा फोर्ड स्टेशन तक साथ जा कर विदा किया और तीनों खिलाड़ियों पर पूरी उम्मीद जताई है किअंतर्राष्ट्रीय कराटे चैम्पियनशिप में विजेता बनकर लौटेंगे।





.jpeg)



0 टिप्पणियाँ