आगरा दक्षिण में 'नमो सेवा अनकही कहानियां' कार्यक्रम का भव्य आयोजन
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने गिनाईं मोदी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां
आगरा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में नमो सेवा अनकही कहानियां कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अवधपुरी मारुति स्टेट रोड स्थित प्रेम वाटिका में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और उनके सेवा कार्यों से प्रेरित होकर समाज के अनकहे नायकों और सेवा व्रतियों की कहानियों को सामने लाना था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने सेवा के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा सेवा कोई दिखावा नहीं बल्कि अंतरात्मा की आवाज है। नमो सेवा अनकही कहानियां' केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन निस्वार्थ प्रयासों को नमन करने का माध्यम है जो समाज को जोड़ने का काम करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरा देश सेवा परमो धर्म के सिद्धांत पर आगे बढ़ रहा है। अंत्योदय के संकल्प को पूरा करना और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा करना ही हमारी सरकार का परम लक्ष्य है।
*मोदी सरकार की उपलब्धियों को किया रेखांकित*
मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए युगांतकारी परिवर्तनों और प्रमुख उपलब्धियों को भी प्रमुखता से साझा किया। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक पटल पर एक महाशक्ति बनकर उभरा है। मोदी सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी नीतियों और ऐतिहासिक निर्णयों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण और काशी-विश्वनाथ कॉरिडोर का कायाकल्प कर देश की सांस्कृतिक विरासत को पुनर्स्थापित किया गया।
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति कर देश में 'एक विधान, एक प्रधान और एक निशान' के संकल्प को साकार किया गया। डिजिटल इंडिया, जनधन योजना और उज्ज्वला योजना के माध्यम से देश के करोड़ों गरीबों को सीधे बैंकिंग प्रणाली और स्वच्छ ईंधन से जोड़ा गया।
समारोह के दौरान समाज सेवा में अनूठा योगदान देने वाले कई कर्मयोगियों के अनुभवों और उनकी अनकही कहानियों को प्रस्तुत किया गया, जिसने वहां उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। जिसमें प्रमुख रूप से डॉ अलौकिक उपाध्याय, भगवान शर्मा, कार्यक्रम संयोजक डॉ प्रदीप उप्रेती, सहसंयोजक बबलू चाहर, कार्यक्रम संचालक मुकेश कुशवाहा, भाजपा महानगर महामंत्री हेमंत भोजवानी, पूर्व महापौर इंद्रजीत आर्य, राजू कुशवाहा, धीरज कोहली, आदेश सिंघल, देवेश पचौरी, राजेश प्रजापति, धीरज जैन, पार्षद सुनील करमचंदानी स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध जन और भारी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। जिन्होंने सेवा के इस महाअभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

0 टिप्पणियाँ