‘मेरी संगिनी, मेरी मार्गदर्शिका’ के तहत 15 गांवों की संगिनियों का प्रशिक्षण आयोजित
कवाई। ग्रामीण समुदायों को सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं से जोड़ने की दिशा में अदाणी फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘मेरी संगिनी, मेरी मार्गदर्शिका’ परियोजना के अंतर्गत सीएसआर परियोजना के 15 गांवों की संगिनियों के लिए प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य संगिनियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया से परिचित कराने के साथ-साथ उन्हें ग्रामीण परिवारों को दस्तावेज पूर्ण कराने और आवेदन जमा करने तक आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए सक्षम बनाना है।
परियोजना के माध्यम से प्रशिक्षित संगिनियां अपने-अपने गांवों में सरकारी योजनाओं और पात्र लाभार्थियों के बीच एक प्रभावी सेतु के रूप में कार्य करेंगी। वे ग्रामीणों को योजनाओं की सही एवं विश्वसनीय जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों की पहचान, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी, दस्तावेज पूर्ण कराने में सहयोग तथा आवेदन प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करेंगी।
प्रशिक्षण सत्र में पंचायत समिति अटरू के अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के विषय विशेषज्ञों ने संगिनियों का मार्गदर्शन किया।
अतिरिक्त विकास अधिकारी श्री सत्येंद्र मीणा जी ने आवास योजना, पेंशन योजनाओं, वीबी-जी राम जी सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभ प्राप्त करने के तरीकों को सरल और व्यावहारिक रूप से समझाया। उन्होंने संगिनियों को ग्रामीणों तक सही जानकारी पहुंचाने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया।
प्रगति प्रसार अधिकारी श्री चंद्र मोहन वर्मा जी ने सूचना का अधिकार, संपर्क पोर्टल एवं शिकायत निवारण व्यवस्था के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने तथा सरकारी सेवाओं से संबंधित शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया के बारे में संगिनियों को अवगत कराया।
डाक विभाग से सुश्री मोनिका जी एवं श्री गोविंद मीणा जी ने सुकन्या समृद्धि योजना, सार्वजनिक भविष्य निधि (PPF), आवर्ती जमा (RD) सहित विभिन्न बचत योजनाओं की पात्रता, ब्याज दर एवं लाभों की जानकारी दी। इससे संगिनियों को ग्रामीण परिवारों में बचत एवं वित्तीय जागरूकता बढ़ाने में भी सहयोग मिलेगा।
इस अवसर पर श्री एजाज फुलवाडिया, सीएसआर प्रमुख, अदाणी पावर लिमिटेड, कवाई ने संगिनियों से संवाद करते हुए ‘संगिनी’ एवं ‘मार्गदर्शिका’ की भूमिका के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “एक मार्गदर्शिका का कार्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि लोगों को सही दिशा दिखाते हुए उन्हें उपलब्ध सुविधाओं और उनके अधिकारों तक पहुंचने में सहयोग करना है।”
उन्होंने कहा कि सही जानकारी तभी सार्थक होती है जब वह पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और उसे योजना का वास्तविक लाभ मिले। ‘मेरी संगिनी, मेरी मार्गदर्शिका’ इसी सोच के साथ जानकारी से लेकर दस्तावेज पूर्ण कराने और आवेदन जमा करने तक ग्रामीणों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है। संगिनियां अपने गांवों में स्थानीय स्तर पर एक विश्वसनीय सहयोगी के रूप में कार्य करते हुए महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
‘मेरी संगिनी, मेरी मार्गदर्शिका’ ग्रामीण विकास में अंतिम छोर तक पहुंच सुनिश्चित करने की एक पहल है, जिसमें ग्रामीण महिलाओं को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि अपने समुदाय के लिए जागरूकता और सहायता की सक्रिय वाहक बनाया जा रहा है।






.jpeg)



0 टिप्पणियाँ