संगीतमय सुंदरकांड में गूंजा जय श्रीराम, भक्तिभाव में डूबे श्रद्धालु
श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर जंगल वाले बाबा पर हुआ भव्य आयोजन, दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
आगरा। माल रोड स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर जंगल वाले बाबा पर मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। बाबा के भव्य एवं दिव्य श्रृंगार के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही, भक्तों ने बाबा के दर्शन कर जय श्रीराम और वीर बजरंगबली के जयकारों से मंदिर परिसर को गुंजायमान कर दिया। भजन गायक बृज किशोर वशिष्ठ भैया जी के सुमधुर स्वर में संगीतमय सुंदरकांड का पाठ हुआ, भक्ति भजनों और सुंदरकांड की चौपाइयों से वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु भक्ति में भाव-विभोर होकर पाठ में शामिल हुए, आयोजन के बाद विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पितृपक्ष के अवसर पर महंत योगेश प्रकाश भारद्वाज जी ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से श्रद्धालुओं को भक्ति, सेवा और सद्भाव की प्रेरणा मिलती है।
आयोजन में महंत योगेश प्रकाश भारद्वाज, साहब सिंह, समाजसेवी श्याम भोजवानी, अमित कपूर, माधव भारद्वाज, पंकज भाई, गोपाल शुक्ला, अजय सिसोदिया, अमित, टीकम सिंह, श्रीनिवास गुप्ता, मनोज गुप्ता, रंजीत सिसोदिया, संजय कोहली सहित बड़ी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।





.jpeg)



0 टिप्पणियाँ