ससुरालियों संग पति का आतंक,तीन बच्चों संग महिला दर -दर भटकने को मजबूर
आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के बोदला स्थित राहुल नगर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक विवाहिता को नशेड़ी पति और ससुरालियों द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने का आरोप है।
पीड़िता रीना पुत्री टहनी, निवासी मेरो साचा मंदिर की गली, चक्की वाली गली, राहुल नगर, बोदला ने आरोप लगाया है कि उसकी शादी करीब 14 वर्ष पूर्व राजेश के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति की नशे की लत सामने आ गई। पति कोई काम-धंधा नहीं करता और मेहनत-मजदूरी से कमाए गए पैसों को दोस्तों और अय्याशी पर उड़ा देता है।
पीड़िता ने बताया कि तीन बच्चों की परवरिश का पूरा बोझ उसी पर है, जिसके चलते वह मजदूरी कर किसी तरह जीवन यापन कर रही है। पति और ससुरालियों से तंग आकर वह बच्चों के साथ किराए के कमरे में रहने को मजबूर है।
आरोप है कि इसके बावजूद पति राजेश, सास कमलेश, ननद दुर्गेश, देवर प्रेम व चचिया ससुर नवल सिंह आए दिन उसके कमरे पर पहुंचकर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देते हैं। इतना ही नहीं, पीड़िता का कहना है कि पति अपने दोस्तों को भी साथ लाता है, जो उस पर गलत नजर रखते हैं। पीड़िता के अनुसार, ससुराल पक्ष के लोग घर से जेवरात, नकदी व अन्य कीमती सामान भी उठा ले गए। हाल ही में जब वह मजदूरी पर गई हुई थी, तब मकान मालकिन ने फोन कर सूचना दी कि उक्त लोग घर पर आकर गाली-गलौज कर रहे हैं, जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और बचा हुआ सामान ले जाने का प्रयास कर रहे हैं।
पीड़िता ने प्रशासन से अपनी और बच्चों की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि थाना जगदीशपुरा पुलिस इस गंभीर मामले में कब तक ठोस कार्रवाई करती है या एक और महिला न्याय की आस में भटकने को मजबूर होगी।





.jpeg)



0 टिप्पणियाँ