स्केटिंग चैंपियनशिप में डीईआई की छात्राओं का शानदार प्रदर्शन; सरगुन का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन
आगरा। नोएडा में आयोजित 12वीं उत्तर प्रदेश राज्य रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप 2026 में दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट (डीईआई) से संबद्ध विद्यालयों की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर अपने विद्यालयों और आगरा का नाम रोशन किया है। 22 से 25 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। डीईआई सरन आश्रम नगर स्कूल की कक्षा पाँच की छात्रा सरगुन भटनागर ने आर्टिस्टिक स्केटिंग में कांस्य पदक प्राप्त किया। सरगुन ने प्रतियोगिता में अपने कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। उनके प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है।
वहीं, डीईआई प्रेम विद्यालय प्राइमरी स्कूल की एक्सटेंडेड विंग की कक्षा दो की छात्रा सुखमना भटनागर ने भी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। सुखमना ने 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक तथा 1000 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों में खुशी की लहर है।



0 टिप्पणियाँ