गेस्ट हाउस में हंगामा: संचालक की पत्नी ने लगाए देह व्यापार के गंभीर आरोप; वीडियो वायरल
ताजनगरी फेस-2 के गेस्ट हाउस का मामला; पीड़ित पत्नी का दावा- पुलिस बुलाने के बाद भी नहीं हुई कोई सुनवाई
आगरा। पर्यटन नगरी के थाना ताजगंज अंतर्गत बसई चौकी क्षेत्र में स्थित एक गेस्ट हाउस में उस समय हड़कंप मच गया, जब तथाकथित होटल संचालक की पत्नी ने खुद सामने आकर वहां देह व्यापार संचालित होने का गंभीर आरोप लगाया। ताजनगरी फेस-2 स्थित 'गोल्ड स्टार गेस्ट हाउस' में हुए इस हाई-प्रोफाइल ड्रामे और हंगामे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में होटल संचालक की पत्नी और एक अन्य युवती के बीच जमकर खींचतान और बहस होती दिखाई दे रही है। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संचालक की पत्नी ने गेस्ट हाउस के भीतर चल रहे कथित अनैतिक कार्यों का भंडाफोड़ करने का दावा किया। महिला ने मौके पर भारी हंगामा करते हुए खुलेआम आरोप लगाया कि इस गेस्ट हाउस की आड़ में लंबे समय से देह व्यापार का धंधा फल-फूल रहा है, जिसमें उसके पति की संलिप्तता है।
*पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल:*
हंगामे के दौरान पीड़ित महिला ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। महिला का आरोप है कि गेस्ट हाउस में चल रहे इस अवैध धंधे की जानकारी देने और मौके पर पुलिस को बुलाने के बावजूद भी जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। वायरल वीडियो और महिला के संगीन आरोपों के बाद स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। समाचार लिखे जाने तक, पुलिस विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अब प्रशासनिक अधिकारियों से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कथित देह व्यापार रैकेट पर सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है। वहीं पीड़ित महिला ने यह भी बताया कि संचालक के पिता पर काफी संख्या में कई गंभीर मुकदमे चल रहे हैं, यह लोगों को ब्लैकमेल करने का कार्य करते हैं और कोर्ट के जरिए लोगों पर एससी-एसटी आदि के फर्जी मुकदमे दर्ज कराकर उनको ब्लैकमेल करने का कार्य करते हैं। पीड़ित महिला ने शासन एवं पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।







0 टिप्पणियाँ