सभी समाज के महापुरुषों का सम्मान व सहभोज के साथ एक माह चलेगी सामाजिक समरसता यात्रा
भाजपा नेता सीटू चौहान समरसता यात्रा के माध्यम से एद्माद्पुर क्षेत्र के विभिन्न गांव व कस्बों में करेंगे सभी समाज को एक सूत्र में पिरोने का प्रयास
आगरा। समाज में जातिगत भेदभाव दूर कर सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से भाजपा नेता सीटू चौहान द्वारा 3 नवम्बर से एक माह के लिए समरसता एकता यात्रा प्रारंभ की जा रही है। जिसमें सभी वर्ग के लोगों के सहभोज व सभी समाज के महापुरुषों के सम्मान में कार्यक्रम करने के कार्य विशेष रहेंगे। महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर फिरोजाबाद रोड स्थित रतनदीप पार्म गैलेग्जी ने आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में जानकारी देते हुए सीटू चौहान ने बताया कि एक माह तक चलने वाली इस यात्रा के माध्यम से समाज के सभी वर्गों और समुदायों को एकजुट कर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का संदेश दिया जाएगा।
यात्रा का उद्देश्य महर्षि वाल्मीकि जी के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज में समानता, आपसी सम्मान और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है। महर्षि वाल्मीकि जी ने रामायण जैसे महान ग्रंथ की रचना कर मानवता को सत्य, मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और आदर्श जीवन का मार्ग दिखाया। रामायण की शिक्षाएं समाज को प्रेम, सद्भाव और एकता के सूत्र में बांधने की प्रेरणा देती हैं।
भाजपा नेता सीटू चौहान ने इस पहल के माध्यम से संदेश देते हुए कहा कि महापुरुष किसी एक जाति, वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं होते, बल्कि उनके विचार संपूर्ण समाज की धरोहर हैं। महर्षि वाल्मीकि जी और भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सामाजिक दूरियों को समाप्त करना और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाना ही यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है। यात्रा की मूल भावना मजबूत समाज के निर्माण के लिए जातिगत भेदभाव और सामाजिक दूरियों से ऊपर उठकर परस्पर सम्मान व सहयोग की भावना विकसित करना होगा। जब समाज का प्रत्येक वर्ग स्वयं को राष्ट्र निर्माण का अभिन्न हिस्सा मानेगा, तभी सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का सपना साकार हो सकेगा।
साथ ही सरकारी योजनाओं प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जन-धन योजना और पीएम-किसान सम्मान निधि जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों तक सरकारी सुविधाओं की जानकारी पहुंचाने और उसका लाभ दिलाने का बी प्रयास किया जाएगा। अभियान का संदेश होगा कि विकास का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचे और कोई भी व्यक्ति सामाजिक भेदभाव के कारण पीछे न रहे।
इस अवसर पर मुख्य रूप से राज कपूर बाल्मीक,डीपी सिंह बघेल,गिर्राज पाठक,बसंत यादव,नरेंद्र बघेल,लायक सिंह निषाद आदि उपस्थित थे।



0 टिप्पणियाँ