11 वर्षीय कबीर ने लगातार 8 घंटे की बल्लेबाजी में बनाए 513 रन, 'लीडर्स आगरा' ने किया सम्मानित
![]() |
| way to Lakshya News photo 1 |
आगरा। ताजनगरी के एक नन्हे क्रिकेटर ने मैदान पर वह कारनामा कर दिखाया है, जिसकी गूंज पूरे देश में सुनाई दे रही है। आगरा के धनौली के रहने वाले 11 वर्षीय प्रतिभाशाली खिलाड़ी कबीर राजपूत ने लगातार 8 घंटे तक क्रीज पर टिके रहकर व्यक्तिगत रूप से 513 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया है। इस असाधारण पारी के बाद कबीर राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आ गए हैं। यह ऐतिहासिक पारी प्रख्यात पूर्व तेज गेंदबाज और कोच केके शर्मा द्वारा संचालित 'केके शर्मा वत्स क्रिकेट एकेडमी' में आयोजित माया देवी क्रिकेट मैचों के दौरान खेली गई। क्रिकेट जगत में हलचल मचाने वाले इस नन्हे उस्ताद को प्रोत्साहित करने के लिए आगरा की जानी-मानी सामाजिक संस्था 'लीडर्स आगरा' की टीम मलपुरा स्थित केके शर्मा वत्स स्टेडियम पहुंची। संस्था के पदाधिकारियों ने असाधारण प्रतिभा के धनी कबीर राजपूत को स्मृति चिन्ह भेंट किया और इलायची की पारंपरिक माला पहनाकर उनका भव्य अभिनंदन किया।
*साधारण को कोई भाव नहीं देता: केके शर्मा*
इस मौके पर एकेडमी के संचालक और दिग्गज कोच केके शर्मा का भी सम्मान किया गया। युवा क्रिकेटरों को प्रेरित करते हुए केके शर्मा ने कहा, 'आज के दौर में लोग कुछ मिनट क्रीज पर खड़े होकर थक जाते हैं, लेकिन कबीर ने लगातार 8 घंटे बल्लेबाजी कर अपनी मानसिक और शारीरिक क्षमता का लोहा मनवाया है। दुनिया हमेशा असाधारण को पूछती है, साधारण को कोई भाव नहीं देता। इसलिए अगर आगे बढ़ना है तो आपको अपनी प्रतिभा को असाधारण बनाना होगा।'
*आगरा बन रहा है क्रिकेट का नया हब: सुनील जैन*
लीडर्स आगरा के महामंत्री सुनील जैन ने आगरा के बदलते क्रिकेट परिदृश्य पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, 'एक दौर था जब आगरा से किसी खिलाड़ी का रणजी ट्रॉफी खेलना भी बहुत बड़ी बात मानी जाती थी। लेकिन आज हमारे शहर से लगातार राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकल रहे हैं। यह केके शर्मा, लोकेंद्र चाहर, परवेंद्र सिंह और मनोज कुशवाहा जैसे समर्पित कोचों की कड़ी मेहनत और मार्गदर्शन का ही नतीजा है।' सम्मान समारोह के दौरान कबीर राजपूत के भावुक परिवार ने लीडर्स आगरा की टीम का फूलों के साथ स्वागत किया और आभार जताया। कार्यक्रम में सुनील जैन, राहुल जैन, नवीन चंचल, राजदीप ग्रोवर और अधिराज जैन सहित कई खेल प्रेमी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।



0 टिप्पणियाँ