बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री का बड़ा दांव, वृंदावन में की 'सनातनी संस्कृति पार्टी' बनाने की घोषणा
मथुरा। बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा देकर चर्चा में आए पूर्व पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री अब राजनीति के मैदान में उतर गए हैं। शुक्रवार को कान्हा की नगरी मथुरा पहुंचे। अग्निहोत्री ने वृंदावन स्थित बांके बिहारी के दर्शन किए और यहीं से अपनी नई राजनीतिक पारी का शंखनाद किया। उन्होंने ' सनातनी संस्कृति पार्टी ' बनाने की घोषणा करते हुए साफ कर दिया कि वह सनातन मूल्यों और सांस्कृतिक संरक्षण के मुद्दे पर चुनाव लड़ेंगे।
बांके बिहारी कॉरिडोर का उठाया मुद्दा
वृंदावन आए पूर्व पीसीएस अलंकार अग्निहोत्री ने बांके बिहारी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना किया। उसके बाद राष्ट्रीय ब्राह्मण सेवा संघ के एक कार्यक्रम में शिरकत की। यहां अग्निहोत्री ने वृंदावन में बनने वाले बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर का विरोध कर रहे गोस्वामी समाज का समर्थन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बांके बिहारी कॉरिडोर के नाम पर पारंपरिक और धार्मिक संस्कृति को कमजोर किया जा रहा है। यह व्यवस्था सदियों से पुरोहितों और सेवादारों ने बनाई है, जिसे सुरक्षित रखना समाज का दायित्व है।
पूर्व पीसीएस ने बताए तीन मुद्दे
पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट ने वृंदावन में अपने तीन प्रमुख मुद्दों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इनको लेकर वह जन जागरण अभियान चला रहे हैं। उन्होंने सबसे पहले यूजीसी का विरोध किया। आरोप लगाया कि यूजीसी रेगुलेशन देश में विभाजन की भावना पैदा कर रहा है। एससी एसटी एक्ट के दुरुपयोग पर अग्निहोत्री ने दावा किया कि फर्जी मुकदमों में निर्दोषों को फंसाया जा रहा है। उन्होंने इसके लिए एक मेल आईडी भी जारी की है, जिस पर उन्हें 40 से अधिक शिकायत मिल चुकी हैं अग्निहोत्री ने कहा कि तीसरा मुख्य एजेंडा सांस्कृतिक संरक्षण है, जिसमें धार्मिक स्थलों की मूल संरचना और परंपराओं को बचाना है।
राजनीति में उतरने की तैयारी
विजया एकादशी के मौके पर राजनीतिक दल की घोषणा करते हुए अग्निहोत्री ने कहा कि उनकी पार्टी स्वतंत्र अस्तित्व के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि भविष्य में समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठबंधन की संभावनाओं पर विचार किया जा सकता है। अग्निहोत्री के बयान के बाद अब सियासी चर्चा शुरू हो गई है।
स्थानीय संगठनों का मिला समर्थन
वृंदावन में राष्ट्रीय ब्राह्मण सेवा संघ के अध्यक्ष आनंद बल्लभ गोस्वामी के यहां कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पंडा सभा, ब्राह्मण सभा और व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी के साथ-साथ कॉरिडोर का विरोध कर रहे गोस्वामी परिवार की महिलाओं ने भी अग्निहोत्री का जोरदार स्वागत किया और अपना समर्थन दिया।


.jpeg)

0 टिप्पणियाँ