आगरा कांग्रेस में मचा घमासान, वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने शहर अध्यक्ष अमित सिंह के खिलाफ खोला मोर्चा
मानहानि और जान से मारने की धमकी का आरोप, पुलिस कमिश्नर और न्यू आगरा थाना प्रभारी को दी शिकायत
आगरा। आगरा कांग्रेस के भीतर अंदरूनी कलह और गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेस नेता और वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित सिंह के विरुद्ध खुली जंग का ऐलान कर दिया है। श्री शर्मा ने प्रभारी निरीक्षक थाना न्यू आगरा और पुलिस आयुक्त आगरा को अलग-अलग दो शिकायत प्रार्थना पत्र भेजकर शहर अध्यक्ष के खिलाफ मानहानि और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अपने शिकायत पत्र में रमाशंकर शर्मा ने कहा है कि वह पैतृक रूप से कांग्रेस से जुड़े हुए हैं और 1975 से लगातार पार्टी के प्रति समर्पित हैं। 1978 में इंदिरा गांधी की गिरफ्तारी के समय उन्होंने भी जेल दी थी। इसके अलावा 1990 में समाजवादी पार्टी के खिलाफ कांग्रेस आंदोलन के दौरान वह 19 दिनों तक जिला जेल आगरा में बंद रहे और उस केस में करीब 90 कांग्रेसियों की कोर्ट से निशुल्क पैरवी कर उन्हें बरी कराया।
*बड़े नेताओं की निशुल्क पैरवी का हवाला*
वरिष्ठ अधिवक्ता ने बताया कि कोरोना काल (2020) में तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, पूर्व विधायक प्रदीप माथुर और पूर्व एमएलसी विवेक बंसल पर थाना फतेहपुर सीकरी में कोविड अधिनियम के उल्लंघन का मामला दर्ज हुआ था। उन्होंने और साथी अधिवक्ता राम दत्त दिवाकर ने अपनी जेब से पैसे खर्च कर करीब साढ़े तीन साल तक स्पेशल कोर्ट (एमपी- एमएलए) से लेकर जिला जज की कोर्ट तक इन तीनों बड़े नेताओं की निशुल्क पैरवी की और उन्हें बरी कराया। हाल ही में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के निवास पर प्रदर्शन करने वाले मथुरा के कांग्रेसियों की भी उन्होंने बिना किसी स्वार्थ के निशुल्क पैरवी की थी।
*सार्वजनिक रूप से छवि धूमिल करने का आरोप*
विवाद की शुरुआत तब हुई जब 4 अक्टूबर को प्रदर्शनकारी कांग्रेसी नेता जेल से रिहा हुए। शिकायत पत्र के अनुसार, जिला जेल आगरा पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की मौजूदगी में शहर अध्यक्ष अमित सिंह ने कथित तौर पर कहा कि रमाशंकर शर्मा और राम दत्त दिवाकर कांग्रेसियों से पैरवी के नाम पर भारी पैसा लेते हैं और उन्होंने शीर्ष नेताओं से भी लाखों रुपये वसूले हैं। श्री शर्मा को यह बात 8 अक्टूबर को वहां मौजूद कार्यकर्ताओं द्वारा पता चली, जिससे उनकी सार्वजनिक छवि को भारी ठेस पहुंची है।
*पुरानी रंजिश और धमकी का भी ज़िक्र*
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि करीब 3 वर्ष पूर्व एक समाचार प्रकाशन को लेकर अमित सिंह ने उन्हें फोन पर उनकी दिवंगत मां की गाली दी थी, उनका घोर अपमान किया था और जान से मारने की धमकी दी थी। रमाशंकर शर्मा का कहना है कि अमित सिंह की इन हरकतों से उनका सामाजिक और व्यावसायिक सम्मान धूमिल हुआ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले में तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।

0 टिप्पणियाँ