राजामंडी में अतिक्रमण अभियान के दौरान अभद्रता का विरोध, आंदोलन की चेतावनी
![]() |
| दैनिक वे टू लक्ष्य फोटो 1 |
बिना पूर्व सूचना के बोर्ड लाइटें तोड़ने और मारपीट की निंदा; उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने की मुकदमे की मांग
आगरा। राजामंडी बाजार में अतिक्रमण हटाने के नाम पर नगर निगम की टास्क फोर्स और प्रवर्तन दल द्वारा की गई कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों में भारी आक्रोश है। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल (महानगर आगरा) ने एक बैठक कर निगम टीम की एकतरफा कार्रवाई, तोड़फोड़ और व्यापारियों के साथ की गई कथित अभद्रता व मारपीट की कड़े शब्दों में निंदा की है। संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि अभियान के दौरान निगम कर्मचारियों ने बिना किसी पूर्व सूचना या समय दिए दुकानदारों के वैध साइन बोर्ड और लाइटें तोड़नी शुरू कर दीं। जब दुकानदारों ने इस मनमानी कार्रवाई का शांतिपूर्ण विरोध किया, तो प्रवर्तन दल के सुरक्षाकर्मियों ने धक्का-मुक्की और मारपीट की। महानगर अध्यक्ष नरेश पाण्डेय ने कहा कि व्यापारी वर्ग शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने में प्रशासन का सहयोग करने के लिए सदैव तत्पर है। लेकिन, अतिक्रमण हटाने की आड़ में व्यापारियों का उत्पीड़न और मारपीट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दोषी कर्मचारियों व अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
महानगर कोषाध्यक्ष सुरेश लवानिया ने कहा कि प्रशासन को किसी भी अभियान से पूर्व व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक करनी चाहिए और व्यापारियों को स्वयं सामान हटाने के लिए उचित समय देना चाहिए। उन्होंने दुकानदारों के तोड़े गए बोर्ड व लाइटों के नुकसान की भरपाई करने की भी मांग उठाई। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि दोषी कर्मियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आगरा का संपूर्ण व्यापारी समाज बाजार बंद कर अनिश्चितकालीन आंदोलन करने को बाध्य होगा। बैठक में नरेश पाण्डेय, सुरेश लवानिया, शैलेंद्र जैन, राकेश कश्यप, महेश चंद शर्मा, रामप्रकाश और भोले पंडित आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ