शबाना खंडेलवाल ने उपेक्षा व अपमान का आरोप लगा भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा
![]() |
| दैनिक वे टू लक्ष्य फोटो 1 |
छह साल तक काम करने के बावजूद जिम्मेदारी न मिलने और अनदेखी का लगाया आरोप, शीर्ष नेतृत्व से पूछे सवाल
आगरा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेत्री शबाना खंडेलवाल ने पार्टी में लगातार हो रही उपेक्षा और अपमान से आहत होकर प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने एक बयान जारी कर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और क्षेत्रीय पदाधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। शबाना खंडेलवाल ने कहा कि उन्होंने वर्ष 2021 में लखनऊ में तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी और दयाशंकर सिंह की मौजूदगी में शीर्ष नेतृत्व के आश्वासन पर भाजपा की सदस्यता ली थी। उस समय उन्हें उचित सम्मान और जिम्मेदारी देने का भरोसा दिलाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले लगभग छह वर्षों से पूरी निष्ठा के साथ नौ विधानसभा क्षेत्रों में काम करने के बावजूद उन्हें कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई। यहां तक कि पार्टी के कई कार्यक्रमों में यह कहकर किनारे कर दिया जाता था कि उनका कोई पद या कद नहीं है। उन्होंने कहा कि आज पार्टी में जमीन पर संघर्ष करने वाले निष्ठावान कार्यकर्ताओं के बजाय चापलूसी करने वालों को महत्व दिया जा रहा है।
*ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पर लगाया अनदेखी का आरोप*
शबाना खंडेलवाल ने बताया कि जब उन्होंने अपनी पीड़ा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन सिंह लोधी के सामने रखी और आगामी चुनाव में आगरा उत्तर विधानसभा से महिला भागीदारी के तहत दावेदारी पर विचार करने का निवेदन किया, तो उन्हें जवाब मिला कि जब अब तक कोई जिम्मेदारी नहीं मिली तो टिकट क्यों दिया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ब्रज कार्यालय बुलाकर उनसे करीब चार घंटे इंतजार कराया गया, लेकिन न मुलाकात हुई और न फोन उठाया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मुस्लिम और वैश्य समाज से आने के कारण उनके साथ ऐसा व्यवहार हुआ, जबकि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मोहन भागवत के सामाजिक समरसता के विचारों से प्रेरित होकर समाज को जोड़ने का काम करती रही हैं। अंत में उन्होंने स्पष्ट किया कि वे आत्मसम्मान से समझौता नहीं करेंगी और अपनी टीम के साथ समाजसेवा व जरूरतमंदों की मदद का कार्य जारी रखेंगी।

0 टिप्पणियाँ