40 झांकियों के साथ निकलेगी माथुर वैश्य समाज की भव्य शोभायात्रा, डांडिया रास से सजेगी जयंती की शाम
माथुर वैश्य महासभा का 139वां जयंती समारोह 25-26 अक्टूबर को, आमंत्रण पत्र का विमोचन
आगरा। अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा का 139वां जयंती समारोह माथुर वैश्य मंडलीय परिषद, आगरा मंडल द्वारा समस्त शाखा सभाओं, महिला मंडलों एवं सेवादलों के सहयोग से 25 और 26 अक्टूबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। दो दिवसीय समारोह में भव्य शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, समाज की विभिन्न व्यावसायिक संस्थाओं का सम्मान, लकी ड्रॉ, सहभोज और डांडिया रास प्रमुख आकर्षण होंगे। आयोजन के आमंत्रण पत्र का विमोचन पंचकुइयां स्थित माथुर वैश्य सभागार में किया गया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश गुप्ता (मामा) ने कहा कि समाज की जयंती प्रतिवर्ष सामूहिक रूप से मनाई जाती है। इसमें समाज के विभिन्न मंडलों, शाखाओं और संगठनों के सदस्य उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। यह आयोजन सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और संगठन की मजबूती का संदेश देता है।
मंडल अध्यक्ष विमल गुप्ता सराफ ने बताया कि जयंती समारोह के प्रथम दिन 25 अक्टूबर, रविवार को दोपहर एक बजे फ्रीगंज तिराहा स्थित आर्य समाज मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा से पूर्व नगर आयोजकों का सम्मान किया जाएगा। इनमें निर्मला गुप्ता, स्वर्गीय हरिओम गुप्ता, मनोज गुप्ता, अनुराधा गुप्ता, मुकेश गुप्ता, संगीता गुप्ता, उमेश गुप्ता और प्रीति गुप्ता शामिल हैं।
शोभायात्रा में 40 आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। नगर आयोजक, राष्ट्रीय अध्यक्ष, स्वागत मंत्री और स्वागत अध्यक्ष बग्गियों पर सवार होकर शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएंगे। शोभायात्रा में ऊंट और घोड़े अगुवाई करेंगे। इसके बाद चार घोड़ों पर प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के बाल स्वरूप विराजमान होंगे। विंटेज कार पर सवार दो बच्चे समाज की पताका लिये भावी पीढ़ी को जागरूकता का संदेश देंगे।
शोभायात्रा में माथुर वैश्य महासभा के संस्थापक गणेशी लाल और कल्याण दास की झांकी प्रमुखता से होगी। इसके अलावा भगवान गणेश, द्वादश ज्योतिर्लिंग, आदि योगी और विभिन्न देवी-देवताओं की सवारियां शामिल होंगी। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती झांकी भी लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करेगी।
सम्मान समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम और डांडिया रास से सजेगी दूसरी शाम
जयंती समारोह के दूसरे दिन 26 अक्टूबर, सोमवार को निर्मला गुप्ता स्वर्गीय हरिओम गुप्ता राजाखेड़ा वाले नगर (माथुर वैश्य महासभा भवन, पंचकुइयां) में दोपहर दो बजे से मंचीय कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। कार्यक्रम में प्रमुख अतिथियों के उद्बोधन के बाद माथुर वैश्य इलेक्ट्रिक व्यापारी एसोसिएशन, माथुर वैश्य दवा व्यवसाय एसोसिएशन, माथुर वैश्य कपड़ा व्यवसाय एसोसिएशन और माथुर वैश्य सराफा एसोसिएशन का सम्मान किया जाएगा। आयोजन में सहयोग करने वाले अन्य सहयोगियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम, लकी ड्रॉ और सहभोज का आयोजन होगा। शाम 7:30 बजे से डांडिया रास की रंगारंग प्रस्तुति होगी, जिसमें समाज के लोग उत्साहपूर्वक भाग लेंगे।
आमंत्रण पत्र विमोचन समारोह का संचालन विष्णु भगवान गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर महासभा के वरिष्ठ सदस्य विनोद गुप्ता सराफ, बाबू रोशन लाल गुप्ता, सुधीर गुप्ता, अचल गुप्ता, संतोष गुप्ता, राकेश कांट्रेक्टर , अशोक कुमार गुप्ता, अशोक कुमार सराफ, श्री भगवान रैपुरिया, भवन मंत्री संजय गुप्ता, अतिथि गृह मंत्री मनोज गुप्ता, मंडल मंत्री सत्य प्रकाश, केंद्रीय महिला मंडल की शालिनी गुप्ता, नीरा दिनेश गुप्ता, उपमा गुप्ता, मंडल प्रमुख अनीता, राजकिशोर मंत्री, मंजू गुप्ता, मंडल कोषाध्यक्ष मुकेश गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता, राजेश गुप्ता, दिनेश गुप्ता, शालिनी दिनेश, धीरज कुमार गुप्ता, पुनीत गुप्ता, संतोष बाह वाले, मीडिया प्रभारी संजीव गुप्ता, जीतू गुप्ता आदि उपस्थित रहे।





.jpeg)



0 टिप्पणियाँ