कॉमर्शियल दुकानों को आवासीय भवन दर्शाकर बैनामा कराने का आरोप, डीएम को सौंपा ज्ञापन
![]() |
| दैनिक वे टू लक्ष्य फोटो 1 |
स्टाम्प शुल्क चोरी और एडीए को गुमराह करने की आशंका, संस्था द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई की मांग
आगरा। बल्केश्वर क्षेत्र स्थित एक संपत्ति के बैनामे और निर्माण में कथित अनियमितताओं का मामला सामने आया है। भारतीय हिंदू सेवा संस्था के प्रदेश अध्यक्ष मनोज अग्रवाल के नेतृत्व में संस्था के पदाधिकारियों ने इस संबंध में जिलाधिकारी मनीष बंसल को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और विधिक कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन के अनुसार, बल्केश्वर मंदिर रोड स्थित बल्केश्वर पार्क के सामने (मौजा घटवासन, हरीपर्वत वार्ड प्रथम) संपत्ति संख्या 33/6सी/1ए के निर्माण और रजिस्ट्री में गंभीर गड़बड़ी की गई है। संस्था के पदाधिकारी पहले अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के कार्यालय पहुंचे, लेकिन उनकी अनुपस्थिति में उन्होंने डीएम कार्यालय में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने आरोप लगाया कि करीब 91.69 वर्गमीटर क्षेत्रफल की इस संपत्ति पर दो व्यावसायिक (कॉमर्शियल) दुकानों का निर्माण कर शटर लगाए गए हैं। आरोप है कि आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) के अधिकारियों की आंखों में धूल झोंकने के उद्देश्य से दुकानों के शटर पर 'कार गैरेज' लिखवा दिया गया है, ताकि इसे आवासीय उपयोग में दिखाया जा सके। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि विक्रेता रविकांत गर्ग (निवासी बसंत बिहार, कमला नगर) ने 5 मार्च 2025 को उपनिबंधक द्वितीय, तृतीय और पंचम कार्यालयों में तीन अलग-अलग बैनामों के जरिए विमला देवी, रीतू और नेहा शर्मा के नाम इस संपत्ति का एक-एक तिहाई हिस्सा हस्तांतरित किया। आरोप है कि इन तीनों बैनामों में संपत्ति को चार मंजिला आवासीय भवन दर्शाया गया है, जबकि मौके पर दो दुकानें बनी हुई हैं। संस्था ने आशंका जताई है कि व्यावसायिक संपत्ति को आवासीय बताकर स्टाम्प शुल्क की चोरी की गई है, जिससे सरकारी राजस्व को सीधा नुकसान पहुंचा है।
संस्था के पदाधिकारियों द्वारा प्रशासन से मांग की गई है कि मौके का स्थलीय निरीक्षण कराकर बैनामों में दर्ज विवरण, वर्तमान निर्माण और जमा किए गए स्टाम्प शुल्क की गहन जांच कराई जाए। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान मनोज अग्रवाल के साथ मुख्य रूप से गोपाल सिंह चाहर, एडवोकेट दर्शना सिंह, आकाश गौतम, विजेंदर राठौर, विजेंद्र सिंह गिल, सुरेश पारस, अमित खटीक, अमन गुप्ता और मंगू भाई आदि उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ